पथरगामा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चोरी के 8 मोटर और 5 स्टार्टर बरामद, टोटो से ले जा रहे दो आरोपी गिरफ्तार

गोड्डा: जिले में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में पथरगामा पुलिस ने चोरी के आठ मोटर और पांच स्टार्टर के साथ दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपित टोटो के जरिए चोरी के सामान को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जा रहे थे। पुलिस ने टोटो को भी जब्त कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पथरगामा थाना क्षेत्र के गांधीग्राम से आगे एक टोटो पर चोरी का सामान लादकर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर गोड्डा पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांधीग्राम के पास संदिग्ध टोटो को रोककर तलाशी ली। इस दौरान प्लास्टिक की बोरियों में छिपाकर रखे गए आठ मोटर और पांच स्टार्टर बरामद किए गए। मौके से टोटो पर सवार दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गोड्डा नगर थाना क्षेत्र के फसियाडंगाल निवासी 20 वर्षीय सोहेल अंसारी और पोस्टमार्टम रोड निवासी 33 वर्षीय मोहम्मद तौहिद अंसारी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान सोहेल अंसारी ने अपने अन्य साथियों के साथ चोरी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। वहीं, मोहम्मद तौहिद अंसारी पर चोरी के सामान को टोटो के माध्यम से एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने में शामिल होने का आरोप है।

एसडीपीओ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी जानकारी
गोड्डा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आकाश भारद्वाज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में चोरी, लूट और डकैती जैसी आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। अपराधियों की गिरफ्तारी और चोरी की संपत्ति बरामद करने के लिए भी लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इस मामले में पथरगामा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपितों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
रिपोर्ट: Avatar News | गोड्डा, झारखंड
