
नई दिल्ली: भारत मंडपम में आयोजित अखिल विश्व गायत्री परिवार के ‘राष्ट्र निर्माण संकल्प’ कार्यक्रम में देव संस्कृति विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने सामाजिक एकता और राष्ट्र निर्माण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत की ताकत उसकी एकता में है और देश तभी आगे बढ़ेगा, जब समाज के लोग आपसी भेदभाव से ऊपर उठकर एकजुट होकर काम करेंगे।
डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा कि जाति और क्षेत्र के आधार पर समाज का बंटवारा देश को कमजोर करता है। उनके मुताबिक, भारत को मजबूत बनाने के लिए लोगों के बीच आत्मीयता और एकजुटता जरूरी है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि “साथ लड़ेंगे, तभी साथ बढ़ेंगे।”
उन्होंने भारत के जागरण और राष्ट्र निर्माण की जरूरत पर भी जोर दिया। पण्ड्या ने कहा कि देश के इतिहास और अपनी क्षमताओं को समझे बिना भविष्य का मजबूत निर्माण संभव नहीं है। उन्होंने आत्मविस्मृति को देश की बड़ी समस्याओं में से एक बताया।
कार्यक्रम में राष्ट्र निर्माण को केवल विकास कार्यों तक सीमित न रखते हुए नागरिकों के चरित्र, संस्कार, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने की बात कही गई। वक्ताओं ने युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाने और समाज में सहयोग की भावना मजबूत करने पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान आगामी 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय महोत्सव की तैयारियों की भी जानकारी दी गई। यह आयोजन माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी से जुड़े कार्यक्रमों का हिस्सा है।