Homeबसंतरायबसंतराय में दुर्गा पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक, DJ पर...

बसंतराय में दुर्गा पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक, DJ पर पूर्ण प्रतिबंध

1000745336.webp

​बसंतराय: आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर बसंतराय थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों के साथ प्रखंड क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और विभिन्न पूजा समितियों के जिम्मेदार सदस्य शामिल हुए। बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक प्रशासनिक तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में गोड्डा सीडीपीओ आकाश भारद्वाज, पुलिस निरीक्षक तथा बसंतराय थाना प्रभारी सत्यदीप यादव सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से अपील की कि दुर्गा पूजा का पर्व आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाया जाए। साथ ही पूजा समितियों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया।

DJ पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध

बैठक में सबसे महत्वपूर्ण निर्देश DJ को लेकर दिया गया। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि दुर्गा पूजा के दौरान DJ पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। पूजा समितियों और आयोजकों से इस निर्देश का सख्ती से पालन करने की अपील की गई है। अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

पूजा स्थलों पर CCTV लगाने का निर्देश

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रशासन ने सभी पूजा स्थलों और पंडालों पर CCTV कैमरे लगाने पर जोर दिया। इससे पूजा स्थल और आसपास के क्षेत्र में निगरानी रखने में मदद मिलेगी तथा किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में पुलिस को जांच में सहायता मिल सकेगी।

फायर और इलेक्ट्रिक व्यवस्था के लिए अनुमति जरूरी

बैठक में पूजा आयोजन के दौरान फायर से संबंधित व्यवस्था और इलेक्ट्रिक व्यवस्था के लिए आवश्यक अनुमति लेने की बात भी कही गई। पूजा समितियों को आयोजन से पहले जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने और सुरक्षा मानकों का ध्यान रखने का निर्देश दिया गया।

अधिकारियों ने पूजा समितियों से अपील की कि पंडाल और पूजा स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचा जाए।

जनप्रतिनिधियों और पूजा समितियों ने लिया हिस्सा

शांति समिति की बैठक में प्रखंड क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इनमें धपरा पंचायत के मुखिया आलमगीर आलम, पंचायत समिति सदस्य हजरत अली, जिला परिषद सदस्य उत्तरी अहतेशामुल हक, जिला परिषद सदस्य दक्षिणी अरशद वहाब, डेरमा पंचायत के मुखिया रिंटू चौधरी और जमनीकोला पंचायत के मुखिया महफूज आलम सहित अन्य प्रतिनिधि एवं पूजा समितियों से जुड़े जिम्मेदार लोग शामिल हुए।

बैठक के दौरान सभी लोगों से अपील की गई कि दुर्गा पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि के भ्रामक या विवादित सामग्री साझा करने से बचें और किसी भी तरह की समस्या या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस-प्रशासन को दें।

पुलिस-प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि दुर्गा पूजा के दौरान क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। वहीं, पूजा समितियों और स्थानीय लोगों से प्रशासन के साथ सहयोग करने की अपील की गई, ताकि दुर्गा पूजा का पर्व शांतिपूर्ण और भाईचारे के माहौल में संपन्न हो सके।

Md Asif Equbal
Md Asif Equbalhttps://avatarnews.in
Md Asif Equbal, Avatar News के पत्रकार और लेखक हैं। झारखंड, बिहार और देश-दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों, स्थानीय मुद्दों और जनहित से जुड़े समाचारों पर उनकी रिपोर्ट पढ़ें।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments