रांची। झारखंड राज्य आजीविका ऑल कैडर संघ के बैनर तले BRP-LH (लाइवलीहुड) सहित विभिन्न कैडर के प्रतिनिधियों ने ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह से मुलाकात कर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पत्र सौंपा। इस दौरान FFP बिल्डिंग में करीब दो घंटे तक बैठक हुई, जिसमें कैडर के कामकाज, मानदेय, सुविधाओं और भविष्य की नीति समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री के समक्ष आजीविका कैडर द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों…
BRP-LH मानदेय बढ़ोतरी की मांग: मंत्री दीपिका पांडेय सिंह से मुलाकात, नई नीति का आश्वासन
रांची। झारखंड राज्य आजीविका ऑल कैडर संघ के बैनर तले BRP-LH (लाइवलीहुड) सहित विभिन्न कैडर के प्रतिनिधियों ने ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह से मुलाकात कर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पत्र सौंपा। इस दौरान FFP बिल्डिंग में करीब दो घंटे तक बैठक हुई, जिसमें कैडर के कामकाज, मानदेय, सुविधाओं और भविष्य की नीति समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री के समक्ष आजीविका कैडर द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों और उनकी जिम्मेदारियों को रखते हुए मानदेय में बढ़ोतरी समेत कई मांगों को प्रमुखता से उठाया। संघ की ओर से सौंपे गए पत्र में विभिन्न कैडरों के मानदेय में बढ़ोतरी, यात्रा एवं अन्य कार्यों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने, मानदेय का समय पर भुगतान, बीमा सुरक्षा, भविष्य निधि से जोड़ने तथा प्रत्येक वर्ष मानदेय में बढ़ोतरी का प्रावधान करने जैसी मांगें शामिल हैं।

संघ की ओर से कहा गया कि BRP-LH, ASK/GRC Co-Ordinator, GCRP, Bank Sakhi, FLCRP, BDSP/CRP-EP, नवजीवन सखी, सेतु दीदी, JRP, सक्रिय महिला, आजीविका कृषक सखी, आजीविका पशु सखी और बागवानी सखी समेत विभिन्न कैडर ग्रामीण स्तर पर लगातार काम कर रहे हैं। इन कैडरों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं और परिवारों को आजीविका, कृषि, पशुपालन, बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं, सरकारी योजनाओं और अन्य गतिविधियों से जोड़ने का काम किया जाता है।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कार्य की जिम्मेदारियों के अनुरूप वर्तमान मानदेय पर्याप्त नहीं है। क्षेत्र में लगातार भ्रमण करने के कारण यात्रा, पेट्रोल, मोबाइल और अन्य खर्च भी कर्मियों को वहन करना पड़ता है। ऐसे में संघ ने सरकार से मानदेय में बढ़ोतरी के साथ-साथ आवश्यक कार्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
बैठक के दौरान प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों को विस्तार से मंत्री के समक्ष रखा। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और SPM परवीन सर की ओर से मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिया गया। प्रतिनिधियों के मुताबिक, जल्द ही नई पॉलिसी तैयार किए जाने तथा BRP-LH के साथ-साथ अन्य कैडरों के मानदेय में भी बढ़ोतरी किए जाने का आश्वासन दिया गया है।
संघ ने यह भी मांग रखी है कि आजीविका ऑल कैडर के लिए झारखंड सरकार द्वारा निर्धारित नवीनतम कुशल श्रमिक की मजदूरी दर को आधार बनाकर नई नीति तैयार की जाए। इसके अलावा JSLPS की विभिन्न रिक्तियों में आजीविका कैडर के लिए आरक्षण का प्रावधान करने की मांग भी पत्र में शामिल है।
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और SPM परवीन सर का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने अपना बहुमूल्य समय देकर करीब दो घंटे तक उनकी समस्याओं और मांगों को सुना तथा सकारात्मक आश्वासन दिया। प्रतिनिधियों को उम्मीद है कि सरकार जल्द ही नई नीति और मानदेय बढ़ोतरी को लेकर ठोस निर्णय लेगी।
मंत्री से मुलाकात करने वाले BRP-LH प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष कृति राय, MD सजर आलम, फय्याज अंसारी, सत्येंद्र, मुरारी, परवेज अंसारी, मनोज ठाकुर, संजय, गायित्री, शोभा, पूनम सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने एकजुट होकर अपनी मांगों को सरकार के समक्ष रखा और मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय की उम्मीद जताई।
संघ की ओर से मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और SPM परवीन सर को समय देने तथा उनकी मांगों को गंभीरता से सुनने के लिए धन्यवाद भी दिया गया।
Discover more from अवतार न्यूज
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
अपनी राय साझा करें