फरिदमपुर छठ घाट की सफाई में जुटे ग्रामीण, श्रमदान से संवार रहे पूजा स्थल

रिपोर्ट: रूपेश कुमार राज | सन्हौला
सन्हौला (भागलपुर)। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर महेशपुर-घनश्यामचक पंचायत के औद्योगिक क्षेत्र फरिदमपुर में छठ घाटों की साफ-सफाई का अभियान जोर-शोर से चलाया जा रहा है। छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए स्थानीय युवा और ग्रामीण पिछले दो दिनों से सुबह-सुबह श्रमदान कर घाटों को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने में जुटे हैं।
जानकारी के अनुसार, छठ घाट के आसपास काफी मात्रा में घास-फूस और गंदगी फैली हुई थी। इसे देखते हुए ग्रामीणों ने सामूहिक पहल करते हुए सफाई अभियान शुरू किया। अभियान के दौरान ग्रामीण कुदाल, खुरपी, झाड़ू और बाल्टी आदि की मदद से घाट के आसपास की गंदगी और घास-फूस हटा रहे हैं। इसके साथ ही घाट के किनारे की मिट्टी को काटकर समतल और व्यवस्थित किया जा रहा है, ताकि व्रतियों को अर्घ्य देने के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो।
इस सफाई अभियान में पैक्स अध्यक्ष चंदन कुमार भी ग्रामीणों के साथ खुद श्रमदान कर रहे हैं। उन्होंने सफाई कार्य के लिए आवश्यक सामान की व्यवस्था भी कराई है। ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास से दो दिनों में घाट के बड़े हिस्से की सफाई पूरी कर ली गई है, जबकि शेष हिस्सों में सफाई का काम लगातार जारी है।
पैक्स अध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि प्रथम अर्घ्य के दिन सुबह गांव की सड़कों और छठ घाट तक जाने वाले रास्तों की भी विशेष रूप से साफ-सफाई कराई जाएगी। इसके बाद टैंकर के माध्यम से रास्तों पर पानी का छिड़काव किया जाएगा, ताकि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को घाट तक आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस अभियान में शिक्षक सुशील कुमार शर्मा, साजन कुमार, सिंटू कुमार, विक्रम कुमार, अर्पित कुमार, अखिलेश कुमार निराला, मिथिलेश कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
ग्रामीणों की इस पहल से फरिदमपुर में सामूहिक सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल देखने को मिल रही है। बिना किसी इंतजार के ग्रामीण खुद आगे आकर छठ घाट को स्वच्छ और सुंदर बनाने में जुटे हैं, ताकि लोक आस्था के इस महापर्व पर श्रद्धालु स्वच्छ वातावरण में भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकें।