बसंतराय, अवतार न्यूज संवाददाता |
बसंतराय थाना क्षेत्र के बेलडीहा पंचायत अंतर्गत बेलडीहा गांव में शनिवार सुबह 25 वर्षीय नीलू खातून की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया, जबकि सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।
परिजनों के अनुसार, नीलू खातून की शादी करीब पांच वर्ष पूर्व हुई थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि पिछले करीब दो वर्षों से उसका राहा निवासी मोहम्मद कैफ के साथ प्रेम संबंध था। इसी प्रेम संबंध को लेकर परिवार में लंबे समय से तनाव और विवाद की स्थिति बनी हुई थी।
परिजनों का आरोप है कि शुक्रवार देर रात मोहम्मद कैफ अपने सहयोगी मोहम्मद परवेज के साथ नीलू से मिलने उसके घर पहुंचा था। परिवार के लोगों ने दोनों को देख लिया, जिसके बाद घर में काफी देर तक बातचीत और समझाने-बुझाने का दौर चला। परिजनों के मुताबिक, इसी दौरान नीलू ने कैफ के साथ रहने की इच्छा जताई थी और ऐसा नहीं होने पर अपनी जान देने की बात कही थी।
रात में किसी तरह मामला शांत हुआ। लेकिन शनिवार सुबह परिजनों ने नीलू को कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में पाया। इसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई और घटना की सूचना तत्काल बसंतराय थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
वहीं, परिजनों द्वारा प्रेम प्रसंग और उससे जुड़े विवाद को लेकर लगाए गए आरोपों की भी पुलिस जांच कर रही है। संबंधित लोगों से पूछताछ किए जाने की बात कही गई है।
घटना के बाद नीलू के दोनों छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ओर जहां परिवार सदमे में है, वहीं गांव में भी इस घटना को लेकर शोक का माहौल है।
फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। प्रेम प्रसंग को लेकर चल रहे विवाद का इस घटना से क्या संबंध है और मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।
